अमेठी की सड़कों पर दिखा आक्रोश, स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अमेठी

अमेठी की सड़कों पर दिखा आक्रोश, स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक

अमेठी की सड़कों पर दिखा आक्रोश, स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक


पब्लिक न्यूज़ डेस्क।   कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच संसद में हुई नोकझोंक ने कांग्रेसियों को आक्रोशित कर दिया है। अमेठी की सड़कों पर शुक्रवार को यह आक्रोश दिखाई दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम स्मृति ईरानी के खिलाफ प्रदर्शन करने उतरा तो पुलिस से नोकझोंक हुई। इस दौरान बल प्रयोग में कई कांग्रेसियों को चोटें लगीं। पुलिस ने बड़ी संख्या में कांग्रेसियों को हिरासत में भी लिया है।

अमेठी कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाते हुए पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह और पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को जबरन हिरासत में ले लिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही अमेठी जिला मुख्यालय पर एकत्रित होने लगे और पार्टी कार्यालय में सभा के बाद गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर यातायात बाधित करते हुए स्मृति ईरानी के इस्तीफे की मांग करने लगे।

उन्होंने बताया कि यातायात को अवरुद्ध देख प्रशासन ने मान-मनौवल का प्रयास किया और सफलता न मिलने पर दीपक सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर तीन बसों से पुलिस लाइन भेज दिया। पुलिस अधीक्षक (अमेठी) इलामारन ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर यातायात बाधित कर दिया, जिससे लंबा जाम लग गया। 

उन्होंने कहा कि लोगों को आने-जाने में हो रही भारी परेशानी को देखते हुए पुलिस ने मजबूरन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस का आरोप है कि लोकसभा में बृहस्पतिवार को स्मृति ईरानी समेत भाजपा के कई सांसदों एवं मंत्रियों ने सोनिया गांधी के साथ अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार किया तथा ऐसी स्थिति पैदा कर दी कि उन्हें (सोनिया को) चोट भी लग सकती थी।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।