सीएम योगी का आदेश, कोविड मरीजों के लिए 4000 एंबुलेंस की व्यवस्था होगी

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ

सीएम योगी का आदेश, कोविड मरीजों के लिए 4000 एंबुलेंस की व्यवस्था होगी

सीएम योगी का आदेश, कोविड मरीजों के लिए 4000 एंबुलेंस की व्यवस्था होगी


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है हम आने वाले दिनों में लैब सुविधाओं की क्षमता को दोगुना करने जा रहे हैं। कोविड मरीजों के लिए 4000 एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। कोविड नियंत्रण एवं प्रबंधन के संबंध में समाज को जागरूक करने में संतों, धर्माचार्यों और धर्म गुरुओं की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में  वर्चुअल संवाद में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने धर्म गुरुओं से कोरोना नियंत्रण में पूर्व की भांति सक्रिय सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। 

मुख्यमंत्री ने धर्म गुरुओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कोरोना की यह दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। हमारा मानना है कि आस्था का सम्मान होना चाहिए। आस्था मानव के लिए है, मानव आस्था के लिए नहीं है, क्योंकि जब मानव का अस्तित्व रहेगा, तभी अन्य चीजों की सार्थकता है। आज आस्था से ऊपर मानवता को बचाने के प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सतर्कता की विशेष जरूरत है। हमें मानव के जीवन को बचाने के साथ ही उसकी जीविका को भी बचाना है। सर्वाधिक सुविधा सम्पन्न देशों के मुकाबले यूपी में आबादी के अनुपात में कोरोना संक्रमितों की संख्या कम है। कोविड अस्पतालों में बेड की सुविधा के साथ ही ऑक्सीजन व वेंटीलेटर सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। कोविड मरीजों के लिए 4000 से अधिक एम्बुलेंस की व्यवस्था की जा रही है।  राज्यपाल ने कहा कि 130 करोड़ से अधिक आबादी वाले भारत को वैक्सीन की अधिक जरूरत है। आज हमारे यहां दो प्रकार की वैक्सीन उपलब्ध हैं तथा तीसरी वैक्सीन की इजाजत भी मिल गई है। प्रदेश में अब तक 93 लाख से अधिक वैक्सीन डोज़ लगाई जा चुकी हैं। वैक्सीन लगवाने के बाद कोरोना का प्रभाव बहुत कम हो जाता है। वर्चुअल में मथुरा से धर्म गुरु रामकमलदास वेदांदी, लखनऊ से मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, मौलाना कल्बे जव्वाद, कानपुर से ज्ञानी गुरुचरण सिंह, आगरा से फादर मून लाजरस शामिल हुए। अयोध्या के रामचन्द्राचार्य, बौद्ध धर्म गुरु भंते शांति मित्र, जैन धर्म गुरु वसुनंदी जी मुनिराज आदि शामिल हुए।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।