सीएम योगी हैं साधु बाबा -मंदिर में रहें, अखिलेश ने किया काम इसलिए बनना चाहिए सीएम : ओम प्रकाश राजभर

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी

सीएम योगी हैं साधु बाबा -मंदिर में रहें, अखिलेश ने किया काम इसलिए बनना चाहिए सीएम : ओम प्रकाश राजभर

सीएम योगी हैं साधु बाबा -मंदिर में रहें, अखिलेश ने किया काम इसलिए बनना चाहिए सीएम : ओम प्रकाश राजभर


वाराणसी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर चुनावों से पहले लगातार अपने बयानों को लेकर सुर्ख़ियों में बने हैं। वो किस पार्टी के साथ जायेंगे ये शायद उन्हें भी नहीं पता। कभी वो बीजेपी की तारीफ करते हैं तो कभी सपा के कसीदे पढ़ने लगते हैं। हाल ही में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात की तो भाजपा से गठबंधन की चर्चाओं को बल मिला। मुलाकात के बाद राजभर यह भी कहा था कि राजनीति में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसके विपरीत सोमवार को उन्होंने अखिलेश को सीएम बनाने की बात कह दी। 

वाराणसी में मीडिया से बात करते हुए राजभर ने कहा कि योगी साधु बाबा हैं, 'उन्हें मठ-मंदिर में रहना चाहिए, वो नेता नहीं हैं। नेता तो अखिलेश यादव हैं, मुख्यमंत्री उन्हें ही बनना चाहिए। आज यूपी की जनता भाजपा को हराने के लिए सपा को एक विकल्प के रूप में देख रही है। सपा में वह दमखम भी है। अखिलेश यादव सभी क्षेत्रीय दलों को साथ मिला लें तो उत्तर प्रदेश में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा'।

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने बहुत काम किया है। लखनऊ में 1090 पर खड़े हो जाइए, रिवर फ्रंट भी दिखेगा। लखनऊ से आगरा जाइए, एक्सप्रेस-वे दिखेगा। प्रदेश का कोई ऐसा शहर या गांव का चट्‌टी-चौराहा नहीं है, जहां 100 नंबर की गाड़ी न दिखे। कहीं भी अत्याचार या गलत होता है तो 100 नंबर की गाड़ी तत्काल पहुंच जाती है। यह सब सपा सरकार की ही तो देन है। सपा के काल में जो काम हुए, वैसा भाजपा के लोग एक काम भी नहीं कर सके।

सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने तो संकल्प ले रखा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को गंगा में डुबो देना है। यह भारतीय जनता पार्टी नहीं बल्कि भारतीय लूट पार्टी है। मोदी योजना बना-बना कर लूटते हैं। अब देखिए, 135 रुपए के झोले में योगी-मोदी अपना फोटो लगवाकर 65 रुपए का राशन दे रहे हैं। जनता क्या हकीकत नहीं जान रही है। सरसों का तेल, अरहर की दाल, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, सब्जियों से लेकर सब चीज के दाम में आग लगी हुई है'।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।