गोरखपुर में साधना सिंह को भाजपा ने बनाया जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर

गोरखपुर में साधना सिंह को भाजपा ने बनाया जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी

गोरखपुर में साधना सिंह को भाजपा ने बनाया जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी


रिपोर्टर रतन गुप्ता , गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने गोरखपुर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही पार्टी नेताओं कार्यकर्ताओं ने जीत के लिए रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू और पूर्व मंत्री व कैम्पियरगंज से भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह की पत्नी साधना सिंह वर्ष 2010 में जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं। साधना इस बार वार्ड नम्बर 19 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीती हैं। उन्होंने चुनाव जीतने के साथ ही अध्यक्ष पद के लिए तैयारियां शुरू कर दी थीं। साधना और उनके पति फतेहबहादुर सिंह ने जिला पंचायत सदस्य पदों के परिणाम आने के साथ ही विजई सदस्यों से सम्पर्क साधना शुरू कर दिया था। पार्टी के चार अन्य जिला पंचायत सदस्यों ने भी टिकट के लिए दावेदारी की थी।

साधना सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, सांसद कमलेश पासवान, राज्यसभा सांसद शिवप्रताप शुक्ला व जयप्रकाश निषाद, विधायक शीतल पांडेय, महेन्द्र पाल सिंह, संत प्रसाद, डा. राधामोहन दास अग्रवाल, डा. विमलेश पासवान, संगीता यादव, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, रामजियावन मौर्य, अश्विनी तिवारी, राधेश्याम सिंह, संतराज यादव, लल्लन तिवारी, अशोक सिंह, रमेश सिंह, प्रदीप शुक्ला, डा. सत्येन्द्र सिन्हा, प्रदीप शुक्ला, जनार्दन तिवारी, राजेश तिवारी एवं केएम मझवार समेत पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

भाजपा को 16 और मतों की दरकार
जिला पंचायत चुनाव के लिए भाजपा ने साल भर मेहनत की लेकिन चुनावी नतीजों ने पार्टी की चुनावी रणनीति को उलझा दिया है। जिला पंचायत में 68 सीटें हैं। चुनाव में भाजपा को 19 सीटें मिली हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए 35 मत चाहिए। ऐसे में भाजपा को 16 मतों की जरूरत पड़ेगी। चुनावी नतीजों ने पार्टी रणनीतिकारों की भाग-दौड़ तेज कर दी है। हालांकि, पार्टी नेताओं के मुताबिक अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी की एकतरफा जीत होगी। पार्टी के चार बागी और समान विचारधारा वाले कई निर्दल जिला पंचायत सदस्य भी भाजपा के साथ हैं।

महिलाओं के हाथों में रही है जिला पंचायत की कमान
गोरखपुर जिला पंचायत के गठन के साथ ही इसकी कमान महिलाओं के हाथों में रही है। शोभा साहनी पहली जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। इसके बाद सुभावती पासवान, चिंता यादव, साधना सिंह और गीतांजलि यादव जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। साधना सिंह अगर चुनाव जीतती हैं तो एक तरफ जहां गोरखपुर जिला पंचायत अध्यक्ष की कमान महिलाओं के हाथों में रह जाएगी और वहीं वह दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष बनने का रिकार्ड भी बनाएंगी। इस बार अध्यक्ष की सीट सामान्य है। भाजपा की ओर से साधना सिंह और सपा से आलोक कुमार गुप्ता मैदान में हैं।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।