आजम खां की सीबीआइ कोर्ट में पेशी, विधायक ने मांगे चार्जशीट के साथ दाखिल दस्तावेज

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ

आजम खां की सीबीआइ कोर्ट में पेशी, विधायक ने मांगे चार्जशीट के साथ दाखिल दस्तावेज

आजम खां की सीबीआइ कोर्ट में पेशी, विधायक ने मांगे चार्जशीट के साथ दाखिल दस्तावेज


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य रामपुर सदर से विधायक आजम खां की गुरुवार को लखनऊ में सीबीआइ कोर्ट में पेशी हुई। करीब आधा घंटा तक कोर्ट में रहे आजम खां ने उत्तर प्रदेश जल निगम भर्ती घोटाले में चार्जशीट के साथ दाखिल दस्तावेजों की मांग की। इस सुनवाई के बाद आजम खां को फिर सीतापुर जेल भेज दिया गया, जबकि इस केस की अगली सुनवाई में कोर्ट फिर पूछताछ करेगी।

रामपुर सदर से समाजवादी पार्टी के विधायक आजम खां को उत्तर प्रदेश जल निगम में भर्ती में घोटाले के मामले में गुरुवार को लखनऊ की सीबीआइ कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान आजम खां करीब आधा घंटा तक कोर्ट में रहे। आजम खां के वकीलों ने कोर्ट से जरूरी दस्तावेजों की मांग की। आजम खां के वकीलों ने एसआइटी की चार्जशीटके साथ दाखिल दस्तावेजों की मांग की। इसके साथ ही आजम खां ने एफएसएल रिपोर्ट की मांग की। कोर्ट की कार्यवाही के बाद आजम खां को वापस सीतापुर जेल भेज दिया गया। माना जा रहा है कि आज शाम तक इस केस की अगली तारीख भी मिल जाएगी।

इससे पहले सीतापुर के जिला कारागार में बीते 26 महीने से बंद आजम खां को कड़ी सुरक्षा के साथ सीतापुर से लखनऊ लाया गया। आजम खां अखिलेश यादव की सरकार के कार्यकाल में दौरान जल निगम में भर्ती घोटाले में आजम खां आरोपित हैं और इस घोटाले की जांच सीबीआइ कर रही है। अखिलेश यादव की सरकार में आजम खां नगर विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री थे। इसके साथ ही वह जल निगम के चेयरमैन भी थे। उसी दौरान जल निगम में जूनियर इंजीनियर की भर्ती के घोटाले का मामला चल रहा है। सीबीआइ स्पेशल कोर्ट में आजम खां पेशी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। उनको कड़ी सुरक्षा में सीतापुर जिला जेल से लखनऊ लाया गया। एसडीएम सिधौली और सीओ के साथ कड़ी सुरक्षा में आजम खां लखनऊ पहुंचे थे। आजम खां की आज लखनऊ में पेशी के कारण सीतापुर जिला जेल में सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल था। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी। एसडीएम सिधौली पंकज राठौर भी सुबह ही जेल परिसर पहुंच गए थे। समाजवादी पार्टी के विधायक आजम खां को सुबह नौ बजे लखनऊ के लिए रवाना किया गया। शहर कोतवाल और थानाध्यक्ष खैराबाद भी सुरक्षा व्यवस्था में लगे थे। प्रभारी जेलर रणंजय सिंह ने बताया कि आजम खां को लखनऊ सीबीआइ कोर्ट में पेशी पर भेजा गया। यहां पेशी के लिए आदेश एक दिन पहले ही आया था।

इस केस की जांच भले ही सीबीआइ के पास है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार की एसआइटी की टीम कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस मामले में आजम खां को इलाहाबाद हाई कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। आजम खां पर जल निगम में 1300 की भर्ती में बड़ी गड़बड़ी करने का आरोप है। आजम खां के खिलाफ 2017 में केस दर्ज किया गया था।

समाजवादी पार्टी के विधायक आजम खां फरवरी 2020 से सीतापुर जिला जेल में बंद हैं। उनकी पत्नी व विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम जमानत पर रिहा हो चुके हैं। आजम खां ने सीतापुर जेल से ही विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। विधानसभा चुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल की। फिलहाल उनकी रिहाई के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ मामलों में जमानत भी मिल चुकी है। कुछ मामले विचाराधीन है।

चर्चा में रही नेताओं से मुलाकात : अप्रैल में जेल में बंद आजम खां से नेताओं की मुलाकात भी चर्चा में रही। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जेल पहुंचकर सपा विधायक से मुलाकात की। उनके बाद सपा के रविदास मेहरोत्रा जेल पहुंचे थे। आजम खां ने सपा विधायक से मिलने से इन्कार कर दिया। बाद में कांग्रेसी नेता प्रमोद कृष्णम भी जिला जेल आए थे।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।