अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर भाजपा को याद दिलाया युवाओं को लैपटॉप देने का वादा

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजमगढ़

अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर भाजपा को याद दिलाया युवाओं को लैपटॉप देने का वादा

अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर भाजपा को याद दिलाया युवाओं को लैपटॉप देने का वादा


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की हार के बाद शुक्रवार को पहली बार मीडिया से बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को युवाओं को लैपटॉप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाया। हालांकि, अखिलेश ने राजनीतिक टिप्पणी करने से पूरी तरह से परहेज किया। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इन दो सीट पर पार्टी की हार को लेकर पूछे गए सवालों को टालते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज की पत्रकारवार्ता केवल बच्चों को बधाई देने और लैपटॉप को लेकर है।

बता दें कि भाजपा ने हाल ही में हुए लोकसभा उपचुनावों में आजमगढ़ और रामपुर सीट सपा से छीन ली। विधानसभा चुनावों में विधायक चुने जाने के बाद जहां आजमगढ़ सीट अखिलेश यादव ने खाली की थी, वहीं रामपुर सीट से आजम खान ने इस्तीफा दिया था। रविवार को इन दो सीट पर चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद अखिलेश और उनकी पार्टी ने बयानों और ट्वीट के माध्यम से सरकारी मशीनरी का उपयोग कर चुनाव जीतने का आरोप भाजपा पर लगाया था।

अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम सत्ता में नहीं है, इसलिए कुछ ही बच्चों को लैपटॉप दिया गया है। और ये लैपटॉप इसलिए दिये गये ताकि इस सरकार को युवाओं को लैपटॉप देने का उसका चुनावी वादा याद दिलाया जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए निःशुल्क लैपटॉप वितरण योजना शुरू की थी और 10वीं एवं 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटे गए थे। तत्कालीन सरकार द्वारा वर्ष 2012 और वर्ष 2016 के बीच 16 लाख से अधिक लैपटॉप बांटे गए थे। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले इसी तरह का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने वर्ष 2017 में वादा किया था कि वह युवाओं को लैपटॉप देगी और इस बार (2022) भी इसने वादा किया है कि वह लैपटॉप देगी।

इससे पहले सपा अध्यक्ष ने कहा कि कड़ी मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर परीक्षा पास करने वाला व्यक्ति कभी सफल नहीं होता। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपने जन्मदिन नहीं मनाते। जो लोग जन्मदिन मनाते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि उनका एक साल कम हो जाता है। सपा प्रमुख आज 48 वर्ष के हो गए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 शीर्षक से जारी चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि स्वामी विवेकानंद सशक्तिकरण योजना के तहत दो करोड़ टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जाएंगे। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। बसपा प्रमुख मायावती और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी यादव को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।