ओडिशा में जहरीली गैस लीक होने से 4 लोगों की मौत

  1. Home
  2. देश

ओडिशा में जहरीली गैस लीक होने से 4 लोगों की मौत

ओडिशा में जहरीली गैस लीक होने से 4 लोगों की मौत


भुवनेश्वर।  ओडिशा के राउरकेला में बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे स्टील प्लांट में गैस लीक होने के चलते 4 लोगों की मौत हो गई है।  जहरीली गैस लीक होने के प्रभाव से 6 लोग बीमार भी पड़ गए हैं।  सभी को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।  बताया जा रहा है कि 5 की हालत गंभीर है।  जानकारी के मुताबिक, गैस का रिसाव राउरकेला स्टील प्लांट के कोल केमिकल डिपार्टमेंट में हुआ। प्लांट का काम तब शुरू ही हुआ था। कोल केमिकल डिपार्टमेंट में कुछ कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी गैस लीक होने लगी।  इससे कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी होनी लगी।  अचानक मजदूर बेहोश होने लगे तो इसके बाद आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। 

साल 2020 पूरी तरह हादसों का साल रहा है।  महामारी के बीच मौत अलग-अलग तरीके से तांडव करती रही।  कभी सड़क पर, कभी रेलवे ट्रैक पर कोहराम मचता रहा।  इनसे बचे तो औद्योगिक हादसों ने कई जिंदगियां लील लीं।  2020 में कई बार फैक्ट्रियों से जहरीली गैसों का रिसाव हुआ और इनकी चपेट में जो भी आया उसे जान से हाथ धोना पड़ा।   फरवरी 2020 से चला यह सिलसिला साल के अंत दिसंबर तक जारी रहा। 

2 फरवरी 2020 : नॉएडा की हल्दीराम बिल्डिंग में गैस लीक

2 फरवरी 2020 को साल का पहला गैस लीक हादसा सामने आया था।  नॉएडा की हल्दीराम यूनिट में अमोनिया गैस लीक हो गई थी।  इससे यहां 42 वर्षीय एक कर्मी की मौत हो गई थी।  गैस रिसाव के असर को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत आस-पास के लोगों से इलाका खाली कराया था।  300 से अधिक लोगों को इस जगह से हटाया गया था। एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और इसके बाद हादसा विकराल होने से बच गया। 

19 फरवरी 2020: हरियाणा में गैस रिसाव

फरवरी में ही ठीक 17 दिन बाद गैस लीक का एक और मामला सामने आया।  इस बार चपेट में आया था हरियाणा।  यहां 19 फरवरी को कुरुक्षेत्र के पास शाहबाद मरकंडा में स्थित एक शीतगृह में गैस रिसाव हो गया। इसकी चपेट में कम से कम 45 
लोग आए थे।  कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।   गनीमत रही कि रिसाव उस वक्त हुआ जब अधिकांश कर्मचारी डिनर के लिए यूनिट से बाहर गए थे। 

7 मई 2020: विजाग गैस लीक

 कोरोना काल में मई का महीना कई दुखद खबरें लेकर आया।  7 मई 2020 की सुबह जब देश की आंख खुली तो पता चला कि विशाखापटनम के विजाग में एक केमिकल प्लांट से स्टाइरीन नाम की गैस लीक हो गई।  इसके रिसाव से रातों रात 11 लोगों की मौत हो गई।  इस स्थिति ने एक बार फिर दशकों पहले हुए भोपाल गैस त्रासदी की बुरी यादें ताजा कर दीं।  इस दुर्घटना में 1000 से ज़्यादा लोगों के बीमार होने की खबरें आई थीं।  इस हादसे ने गैस लीक की घटना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने ला दिया था।  

27 जून 2020: कुरनूल गैस लीक 

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एसपीवाई एग्रो इंडस्ट्रीज में अमोनिया गैस रिसाव की घटना हो गई थी। इसमें एक श्रमिक की मौत हो गई और तीन अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त इस रिसाव के केवल फैक्ट्री क्षेत्र में ही प्रभावी होने की बात कही गई थी। 

21 अगस्त 2020: दूध डेयरी में गैस रिसाव

आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले की एक दूध डेयरी इकाई में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया।  सामने आया कि गैस के कारण इसकी चपेट में आकर कई लोग बीमार पड़ गए।  उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।  यह हादसा चित्तूर जिले के पूथलापट्टू ब्लॉक के बांदापल्ली गांव स्थित हटसन डेयरी में रात 9 बजे  हुआ था। उस समय प्लांट के अंदर मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहे थे।  सभी प्रभावित लोग संविदाकर्मी थे और रात की ड्यूटी के लिए आए थे। 

9 अक्टूबर 2020: गोवा में गैस रिसाव

9 अक्टूबर 2020 को दक्षिण गोवा के कंकोलिम औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सी-फूड प्रसंस्करण इकाई में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया।  इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए थे।  बीमारों को अस्पताल ले जाया गया था।  लगातार हो रहे गैस रिसाव हादसे को लेकर लोगों के मन में डर समाने लगा।  लोगों की हालत कई दिनों तक गंभीर बनी रही।  

23 दिसंबर 2020: जाते हुए भी साल ने रुलाया

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में साल 2020 के अंत में बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया।  प्रयागराज के फूलपुर इफको प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया।  इससे दो अधिकारियों की मौत हो गई थी।  गैस रिसाव की चपेट में आने से इफको में तैनात 15 कर्मचारियों की तबीयत खराब हो गई थी। सामने आया कि यूरिया उत्पादन इकाई में पम्प लीकेज के कारण गैस रिसाव की दुर्घटना हुई थी।  

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।